सुंदर पिचाई भी बने अरबपति: गूगल में 10 साल पूरे, जानें कितनी है नेटवर्थ
गूगल की पेरेंट कंपनी Alphabet के सीईओ सुंदर पिचाई का नाम अब आधिकारिक रूप से अरबपतियों की सूची में जुड़ गया है। साल 2023 के बाद से कंपनी के शानदार प्रदर्शन ने निवेशकों को बेहतरीन रिटर्न दिया, जिससे अल्फाबेट की मार्केट वैल्यू में करीब 1 ट्रिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, पिचाई की कुल संपत्ति अब 1.1 बिलियन डॉलर यानी करीब 9,000 करोड़ रुपये के पार पहुँच चुकी है।
इसे भी पढ़ें – सुंदर पिचाई की नेटवर्थ 9500 करोड़ के पार – जानें अरबपति बनने की कहानी
क्यों खास है ये उपलब्धि?
सुंदर पिचाई की ये उपलब्धि इसलिए अलग है क्योंकि वे गूगल के फाउंडर या को-फाउंडर नहीं हैं। आम तौर पर अरबपतियों की सूची में वही सीईओ आते हैं, जो कंपनियों के संस्थापक भी होते हैं — जैसे कि मेटा के मार्क जुकरबर्ग और एनविडिया के जेनसन हुआंग। इन दोनों के पास उनकी कंपनियों की बड़ी हिस्सेदारी है, जो उन्हें अरबपति बनाती है। वहीं, पिचाई की गिनती नॉन-फाउंडर सीईओ में होती है, और फिर भी उन्होंने ये मुकाम हासिल किया है। खास बात यह भी है कि पिचाई आने वाले अगस्त में गूगल के सीईओ के तौर पर अपने 10 साल पूरे करेंगे, जिससे वे कंपनी के सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने वाले सीईओ बन जाएंगे।
कंपनी की ग्रोथ और सुंदर पिचाई की नेटवर्थ

अल्फाबेट ने साल 2023 के बाद निवेशकों को लगभग 120 प्रतिशत का रिटर्न दिया है, जिससे कंपनी के शेयर रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए। इस बढ़ोतरी का सीधा असर सुंदर पिचाई की नेटवर्थ पर भी पड़ा।
पिचाई के पास कंपनी में लगभग 0.02% की हिस्सेदारी है, जिसकी मौजूदा कीमत करीब 440 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3,600 करोड़ रुपये है। इस हिस्सेदारी के साथ ही पिचाई की कुल नेटवर्थ अब 1.1 बिलियन डॉलर के पार पहुँच चुकी है।
सुंदर पिचाई का सफर
सुंदर पिचाई का जन्म तमिलनाडु के एक साधारण मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ था। साल 1993 में उन्हें स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप मिली, जहां से उनका करियर नई दिशा में बढ़ा।
2004 में पिचाई ने गूगल जॉइन किया। सीईओ बनने से पहले वे गूगल की एंड्रॉयड टीम और क्रोम ब्राउजर डिवीजन का नेतृत्व कर चुके हैं। आज वे गूगल और अल्फाबेट जैसी दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी मिली तारीफ
हाल ही में सुंदर पिचाई ने गूगल की कमाई और ग्रोथ से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर शेयर की। इस पोस्ट पर टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने ‘इंप्रेसिव’ कहकर प्रतिक्रिया दी। जवाब में पिचाई ने भी हाई-5 इमोजी से अपना रिएक्शन दिया।
सुंदर पिचाई की कहानी दिखाती है कि कड़ी मेहनत, ईमानदारी और दूरदृष्टि के साथ कोई भी व्यक्ति कितनी ऊँचाइयाँ छू सकता है, चाहे उसकी शुरुआत कहीं से भी हुई हो।


