EVs Under 15 Lakhs: 15 लाख से कम की टॉप 5 पैसा वसूल इलेक्ट्रिक कारें, फीचर्स में भी हैं दमदार
Best budget EVs in India 2026: भारतीय ऑटो बाजार में बजट फ्रेंडली इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसे देखते हुए कई दिग्गज ब्रांड्स अब 15 लाख रुपये के आसपास ऐसी कार पेश कर रहे हैं, जो न केवल शानदार रेंज देती हैं, बल्कि हाई-टेक फीचर्स से भी लैस हैं। यहां जानें उन बेहतरीन पांच मॉडल्स की सूची जो आपकी जेब पर बोझ डाले बिना आपको फ्यूचरिस्टिक ड्राइविंग का अहसास कराएंगे।
भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का सपना अब आम आदमी की पहुंच में है। लेटेस्ट अपडेट्स के अनुसार, टाटा पंच ईवी से लेकर एमजी विंडसर तक 15 लाख रुपये के दायरे में कई ऐसे विकल्प मौजूद हैं जो 400 किमी से अधिक की रेंज का दावा करते हैं। आइए जानते हैं इन टॉप 5 कारों की खासियत।
इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प
टाटा पंच ईवी बजट इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरी है। इसमें 25 kWh और 35 kWh के बैटरी पैक मिलते हैं, जो एक बार चार्ज करने पर 365 किमी तक की रेंज देते हैं। कार 120.6 hp की पावर और 190 Nm टॉर्क जनरेट करती है, जिससे यह शहर और हाईवे दोनों के लिए उपयुक्त बनती है। कीमत की बात करें तो एक्स-शोरूम में इसकी कीमत करीब 9.99 लाख रुपये है।
रेंज और पावर का परफेक्ट कॉम्बिनेशन है ये कार
एम जी विंडसर ईवी उन ग्राहकों के लिए है जो ज्यादा रेंज और प्रीमियम फील चाहते हैं। इसमें 52.9 kWh की बैटरी दी गई है, जो 449 किमी तक की रेंज देती है। ये ईवी 182.3 hp की पावर और 200 Nm टॉर्क के साथ सेगमेंट में दमदार प्रदर्शन करती है। एक्स-शोरूम में इसकी कीमत लगभग 14 लाख रुपये है।
शहर में ड्राइविंग के लिए परफेक्ट महिंद्रा XUV 3XO ईवी
महिंद्रा XUV 3XO ईवी में 39.4 kWh बैटरी दी गई है, जो रियल-वर्ल्ड कंडीशन में लगभग 285 किमी की रेंज देती है। इसकी खासियत है इसका जबरदस्त 310 Nm टॉर्क, जो शहर की ड्राइविंग और ओवरटेकिंग को बेहद आसान बनाता है। कीमत की बात करें तो ये करीब 13.90 लाख में उपलब्ध है।
भारत की सबसे पॉपुलर EV
टाटा नेक्सन ईवी लंबे समय से भारतीय ईवी बाजार की पसंद बनी हुई है। इसमें 30 kWh और 45 kWh के दो बैटरी विकल्प मिलते हैं, जिनकी अधिकतम रेंज 489 किमी तक जाती है। ये कार 214.5 hp की पावर और 215 Nm टॉर्क के साथ परफॉर्मेंस और भरोसे का संतुलन पेश करती है। एक्स शोरूम में ये करीब 12.49 लाख के आस-पास मिलती है।
शहर के लिए सबसे किफायती EV
एमजी कॉमेट ईवी शहरों में रोजाना इस्तेमाल के लिए एक बेहतरीन माइक्रो ईवी है। इसमें 17.3 kWh बैटरी दी गई है, जो 230 किमी तक की रेंज देती है। इसकी 56.3 hp पावर और कॉम्पैक्ट साइज इसे ट्रैफिक और पार्किंग के लिए परफेक्ट बनाती है। कीमत की बात करें तो एक्स-शोरूम में ये 7.5 लाख रुपये के आस-पास आपको मिल जाएगी।

